
भोपाल।मध्य प्रदेश में वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत नए खाते खोले जा रहे हैं, पीएमजीबीवाई और पीएमएसबीवाई बीमा योजनाओं में नामांकन, अटल पेंशन योजना में पंजीयन, पुराने और निष्क्रिय खातों का केवाईसी, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव तथा आरबीआई के DEAF फंड में जमा राशि के क्लेम संबंधी जानकारी दी जा रही है।
10 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में हुई विशेष राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक के बाद वित्त विभाग ने जिला कलेक्टरों को अभियान के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। इस बारे समिति की ओर से पत्रकार वार्ता में बताया गया कि जिले स्तर पर भी विशेष DCC बैठक में प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए कैंप की तिथियां तय की गईं हैं, जहां सभी ग्रामीण इन योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
प्रदेश की 8,780 शाखाओं में से 5,600 ग्रामीण व अर्धशहरी शाखाएं और बैंक प्रतिनिधि 23,043 ग्राम पंचायतों में कैंप लगा रहे हैं। प्रमुख बैंक मिलकर अखबारों और रेडियो के जरिए प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। अब तक करीब 12,000 पंचायतों में सफलतापूर्वक कैंप आयोजित किए जा चुके हैं।
