भोपाल।नेपाली मूल के नागरिकों की सामाजिक संस्था नेपाली समाज भारत का तीज मिलन समारोह आयोजित हुआ. यह कार्यक्रम तुलसी नगर स्थित गढ़वाली समाज मंदिर के सभागार में रखा गया. इस दौरान नेपाल की महिलाओं ने गीत और बालिकाओं ने संगीत पर अपने नृत्य की प्रस्तुति देते हुए सभी का मन मोह लिया.
नेपाली समाज भारत के बैनर तले यह पहला आयोजन महिला विंग के नेतृत्व में आयोजित हुआ. इसमें शांति लुईटेल और राधा अर्याल के संयुक्त प्रयासों से कई गीत तीज से संबंधित प्रस्तुत किए गए. बालिकाओं ने नेपाली वेशभूषा में अपने पारंपारिक नृत्यों की प्रस्तुति दी. इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष नगेंद्र ढकाल ने संबोधित किया. उन्होंने भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए महिला नेतृत्व की भूमिका और उसके प्रभाव को लेकर अपना प्रकाश डाला. कार्यक्रम में इंदिरा तिमिल्सेना, माया पांडे समेत कई अन्य नेपाली मूल की महिलाओं ने तीज कार्यक्रम और प्रवास में उसको बरकरार रखने से संबंधित विषयों पर प्रकाश डाला. सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए सैंकड़ों महिलाएं उपस्थित थी. नेपाली गीत और धुन के बीच दर्शकों की तालियों ने नृत्य प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं का उत्साह भी बढ़ाया.
