
डार्विन, 10 अगस्त (वार्ता) टिम डेविड (83) और कैमरून ग्रीन (35) की आतिशी पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 179 रनों का लक्ष्य दिया है।
आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 30 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। ट्रैविस हेड (दो),जॉश इंग्लिस (शून्य) और कप्तान मिचेल मार्श (13) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कैमरून ग्रीन और टिम डेविड ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए चौथे विकेट के लिए 40 रन जोड़े।
छठे ओवर में लुंगी एन्गिडी ने कैमरून ग्रीन को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। कैमरून ग्रीन ने 13 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 35 रनों की पारी खेली। इसके बाद मिचेल ओवेन (दो) और ग्लेन मैक्सवेल (एक) सस्ते में पवेलियन लौट गये। इस दौरान टिम डेविड एक छोर थामे रन बनाते रहे। बेन ड्वारश्विस (17), एडम जम्पा एक रन बनाकर आउट हुये। 19वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने टिम डेविड को बोल्ड कर आउट किया। टिम डेविड ने 52 गेंदों में आठ छक्के और चार चौके लगाते हुए 83 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 178 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट नेथन एलिस (12) रनआउट के रूप में गिरा।
दक्षिण अफ्रीका के लिए वेना मफाका ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिये। कैगिसो रबाडा को दो विकेट मिले। लुंगी एन्गिडी, जॉर्ज लिंडे और सेनुरन मुथुसामी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
