श्योपुर: श्योपुर बड़ौदा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई सिरसौद-सलमान्या सड़क पहली ही बारिश नहीं झेल पाई और कई स्थानों पर बह गई। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर लगभग 4 किमी लंबे मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रत्येक किलोमीटर पर थिकनेस जांच के सैंपल लेने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़क की गुणवत्ता की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है जिसमें एमपीआरडीसी के एजीएम सुनील पुआरे, पीएमजीएसवाय के महाप्रबंधक सतेन्द्र चौहान और एरिगेशन विभाग के एसडीओ शुभम अग्रवाल शामिल हैं। समिति को निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। खराब निर्माण पर कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
