बारिश में खुल गई दिल्ली सरकार की पोल : आप

नयी दिल्ली, 09 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में हुई बारिश में आईटीओ, पंजाबी बाग, साकेत, धौंलाकुंआ, प्रगति मैदान, पालम समेत पूरी दिल्ली में हुए भारी जल भराव से एक बार फिर भाजपा सरकार के चारों इंजन डूब गए।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि इस बरसात में भाजपा की चार इंजन की सरकार पूरी तरह एक्सपोज हो गई है। एनडीएमसी, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी की हर सड़क पर पानी भर गया। इस जल भराव का कारण यह है कि दिल्ली में डीसिल्टिंग के नाम पर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है। उच्च न्यायालय का आदेश है कि सभी नालों की हुई डीसिल्टिंग की थर्ड पार्टी ऑडिट कराना अनिवार्य है लेकिन भाजपा सरकार थर्ड पार्टी ऑडिट नहीं कराना चाहती है।

श्री भारद्वाज ने कहा कि आज सुबह से ही पूरी दिल्ली में जल भराव है, घुटनों तक सड़कों पर पानी भरा है। जगह-जगह गाड़ियां खराब हैं, ट्रैफिक जाम है और रक्षा बंधन त्योहार का सत्यानाश हो गया। बदरपुर के जैतपुर में पानी भरा हुआ था और दीवार गिरने से तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे समेत सात लोगों की मृत्यु हो गई। क्या सरकार उनकी जिंदगी वापस दे पाएगी? राखी के दिन सात लोगों की मृत्यु हो जाना, जगह-जगह इस तरह की तबाही हो जाना और कहीं भी कोई मंत्री दिखाई नहीं दिया। दिल्ली को भगवान भरोसे छोड़ा हुआ है।

आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर कहा “रक्षाबंधन जैसे पवित्र दिन पर दिल्ली के जैतपुर में हुआ हादसा बेहद पीड़ादायक है। तेज़ बारिश और जलभराव के बीच दीवार गिरने से सात अनमोल ज़िंदगियाँ चली गईं, जिनमें दाे मासूम बच्चियां भी शामिल थी। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे और परिजनों को इस असहनीय दर्द को सहने की शक्ति प्रदान करे।”

दिल्ली में जल भराव को लेकर नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भारी जल भराव की वीडियो एक्स पर साझा करते हुए कहा कि ये पालम, धौंलाकुंआ, साकेत का हाल है। कुछ देर की बारिश में सड़कों पर पानी ही पानी है। भाजपा की 4-इंजन की सरकार का विकास देखिए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश सिंह वर्मा दोनों गायब हैं। आज रक्षाबंधन पर भी पूरी दिल्ली डूबी हुई है। लोग अपने घरों से नहीं निकल पा रहे हैं।

 

 

 

 

Next Post

आयोग ने 334 पंजीकृत दलों के नाम काटे

Sat Aug 9 , 2025
नयी दिल्ली, 09 अगस्त (वार्ता) चुनाव आयोग ने शनिवार को कहा कि चुनाव प्रणाली को स्वच्छ बनाने के क्रम में उसने पंजीकृत एवं गैर- मान्यताप्राप्त (आरयूपीपी) राजनीतिक दलों की सूची से 334 दलों के नाम हटा दिए है। अयोग की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई बाकायदा जांच पड़ताल के […]

You May Like