बुलावायो, 09 अगस्त (वार्ता) जैकरी फॉक्स (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन जिम्बाब्वे को दूसरी पारी में 117 रनों पर ढेर कर मुकाबला पारी और 359 रनों से जीत लिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
यह न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी और ओवरऑल टेस्ट इतिहास में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है जिसने ऑस्ट्रेलिया को 1938 में पारी और 579 रन से हराया था। दूसरी सबसे बड़ी जीत ऑस्ट्रेलिया के नाम है जिसने दक्षिण अफ्रीका को 2002 में पारी और 360 रन से पराजित किया था। न्यूजीलैंड की इससे पहले सबसे बड़ी जीत 2012 में थी जब उसने जिम्बाब्वे को पारी और 301 रन से शिकस्त दी थी।
आज सुबह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे को मैट हेनरी ने शुरुआत में दो झटके दिये। ब्रायन बेनेट (शून्य) और ब्रेंडन टेलर (सात) रन बनाकर आउट हुये। ब्रायन बेनेट के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आये निक वेल्च ने शॉन विलियम्स के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जेकब डफी ने विलियम्स (नौ) को आउटकर जिम्बाब्वे को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद कप्तान क्रेग इर्विन ने निक वेल्च के साथ मोर्चा संभाला। मैथ्यू फिशर ने क्रेग इर्विन (17) को आउटकर न्यूजीलैंड को चौथी सफलता दिलाई। इसके बाद जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज न्यूजीलैंड के जैकरी फॉक्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। सिकंदर रजा (चार), टी त्सिगा (पांच), विनसेंट मसेकेसा (चार), ट्रेवर ग्वांडू (शून्य) और ब्लेसिंग मुजरबानी (आठ) को फॉक्स ने आउट किया। जैकब डफी ने टनका चिवांग (शून्य) को आउट कर जिम्बाब्वे की दूसरी पारी का 28.1 ओवर में 117 रनों के स्कोर पर अंत कर दिया निक वेल्च ने 71 गेंदों में सात चौकों की मदद से नाबाद 47 रन बनाये।
न्यूजीलैंड की और से जैकरी फॉक्स ने 37 रन देकर पांच विकेट लिये। मैट हेनरी और जैकब डफी को दो-दो विकेट मिले। मैथ्यू फिशर ने एक बल्लेबाज को आउट किया। जैकरी फॉक्स ने पहली पारी में चार विकेट झटके थे। फॉक्स ने मैच में कुल नौ विकेट लिये।
न्यूजीलैंड ने कल तीन विकेट पर 601 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद पारी घोषित कर दी थी। न्यूजीलैंड के लिए डेवन कॉन्वे (153), रचिन रविंद्र (नाबाद 165) और हेनरी निकोल्स (नाबाद 150) रनों की शतकीय पारी खेली थी।
जिम्बाब्बे ने पहली पारी में 125 रन बनाये थे।

