पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराया

टरूबा 09 अगस्त (वार्ता) शाहीन शान अफरीदी (चार विकेट) और नसीम शाह (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद हसन नवाज (नाबाद 63) और कप्तान मोहम्मद रिजवान (53) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने पहले एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज को सात गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

281 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 16 के स्कोर पर अपना पहला विकेट सैम अयूब (पांच) के रूप में गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बाबर आजम ने अब्दुल्लाह शफीक के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 12वें ओवर में शमार जोसेफ ने अब्दुल्लाह शफीक (29) को पगबाधा आउट कर वेस्टइंडीज को दूसरी सफलता दिलाई। बाबर आजम (47) और आगा सलमान (23) रन बनाकर आउट हुये। कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 53 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान ने 48.5 ओवर में पांच विकेट पर 284 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया। हसन नवाज ने 54 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 63 रन बनाये। और हुसैन तलत ने 37 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 41 रनों की पारी खेली। हसन नवाज को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से नवाजा गया।

वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ ने दो विकेट लिये। जेडेन सील्स, गुडाकेश मोती और रॉस्टन चेज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चार रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट ब्रैंडन किंग (चार) के रूप में गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये केसी कार्टी ने एविन लुइस के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 77 रनों की साझेदारी हुई। सुफियान मकीम ने केसी कार्टी (30) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद सैम अयूब ने एविन लुइस को आउट कर पवेलियन भेज दिया। एविन लुइस ने 62 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाये। शरफेन रदरफोर्ड (10), शाई होप (55), रोमारियो शेफर्ड (चार) रन बनाकर आउट हुये। रॉस्टन चेज ने 54 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (53) रनों की पारी खेली। इसके बाद शमार जोसेफ (आठ), गुडाकेश मोती 18 गेंदों में 31 रन पर आउट हुये। 49वें ओवर में नसीम शाह ने जेडाया ब्लेड्स (शून्य) को आउटकर वेस्टइंडीज की पारी को 280 के स्कोर पर समेट दिया।

शाहीन शाह अफरीदी को चार विकेट मिले। नसीम शाह ने तीन विकेट लिये। सैम अयूब, सुफियान मकीम और आगा सलमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

रेलवे ने की रियायती राउंड ट्रिप पैकेज योजना की घोषणा

Sat Aug 9 , 2025
नयी दिल्ली 09 अगस्त (वार्ता) भारतीय रेलवे ने त्योहारी सीजन के दौरान भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा के लिए रियायती राउंड ट्रिप पैकेज योजना शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत यात्रियों को 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति […]

You May Like