जबलपुर: सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार को लेकर कलेक्टर कार्यालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम सहित सभी विभाग समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन सुनिश्चित हो, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो और लोक परिवहन को बढ़ावा मिले।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2020 से 2025 (जून तक) सड़क दुर्घटनाओं में 3 हजार लोगों की मौत हुई, जिनमें अधिकतर 20 से 23 वर्ष के युवा थे। हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार और ब्लैक स्पॉट हादसों के प्रमुख कारण रहे। इसी अवधि में 47 ब्लैक स्पॉट बढ़े और 2632 लोग नशे में वाहन चलाने से घायल हुए।जस्टिस सप्रे ने बच्चों को बचपन से जागरूक करने, वाहनों की फिटनेस जांच, बीमा नवीनीकरण, गड्ढों की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया से जागरूकता अभियान को तेज करने की अपील भी की। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
