सतना। धनतेरस के दिन महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने एक कुम्हार के घर पहुंचकर उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना और उनके पारंपरिक व्यवसाय एवं आजीविका के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान महापौर ने स्वयं मिट्टी के दीपक बनाने का प्रयास भी किया तथा मिट्टी से बने घरेलू उत्पादों एवं अन्य स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी की।महापौर ने कहा कि हमारे स्थानीय कारीगर और पारंपरिक शिल्पकार देश की सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। उनके हुनर और मेहनत को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें बाजार में उपलब्ध विदेशी उत्पादों के स्थान पर स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
नागरिकों से की अपील
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों एवं दैनिक उपयोग में मिट्टी से बने दीपक और अन्य घरेलू उत्पाद खरीदकर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करें। इससे न केवल उनकी आजीविका को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
