भारत-ब्राज़ील ने अमेरिकी प्रतिबंधों को नकारा, बहुपक्षवाद को समर्थन देने का किया वादा

नयी दिल्ली/ब्राज़ीलिया, 08 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आर्थिक दबाव की कड़ी आलोचना करते हुए अमेरिकी आयात शुल्क के जवाब में बहुपक्षवाद और निष्पक्ष व्यापार के लिए अपना समर्थन देने का वादा किया है। आरटी की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी।

राष्ट्रपति लूला और प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और बढ़ते व्यापार तनाव पर चर्चा के लिए एक घंटे तक फ़ोन पर बातचीत की।

बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने “बहुपक्षवाद की रक्षा और वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की आवश्यकता” के महत्व पर ज़ोर दिया। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच गहन समन्वय की संभावना पर भी ज़ोर दिया।

ट्रम्प ने भारत और ब्राज़ील दोनों पर 50 फीसदी आयात शुल्क लगाया है, जिसके परिणामस्वरूप अमेरिका की आर्थिक दादागिरी को लेकर भारत और ब्राजील दोनों ने ही तीखी आलोचना की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूसी तेल की खरीद को लेकर भारतीय निर्यात पर 25 फीसदी का अतिरिक्त आयात शुल्क लगाया है, जो भारत की अनुचित व्यापार प्रथाओं का हवाला देते हुए पिछले 25 फीसदी प्रतिबंधों के अतिरिक्त है। ट्रम्प ने ब्राज़ील पर भी चुनावी धोखाधड़ी के आरोप में देश के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो की कैद के कारण इतनी ही राशि लगाई है।

गौरतलब है कि भारत और ब्राजील दोनों ही ब्रिक्स समूह का भी हिस्सा हैं –जिसे ट्रम्प ने बार-बार अमेरिका की आर्थिक सुरक्षा और स्थिति के लिए खतरा बताया है । ब्रिक्स सदस्य देश वैश्विक अर्थव्यवस्था के गैर-डॉलरीकरण पर जोर दे रहे हैं हालाँकि अभी तक ऐसा कोई तंत्र लागू नहीं हुआ है।

ट्रम्प ने ब्रिक्स देशों पर अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने का आरोप लगाया है और अतिरिक्त 10 फीसदी आयात शुल्क लगाने की धमकी दी है। उधर इस समूह ने अमेरिकी दावे को खारिज करते हुए तर्क दिया है कि अमेरिकी की अपनी विदेश नीति डॉलर को कमजोर करती है।

ट्रम्प ने यूक्रेन संघर्ष में रूस पर दबाव बनाने के लिये युद्धविराम को स्वीकार करने के लिए उसके व्यापारिक साझेदारों पर व्यापक शुल्क लगाने की भी धमकी दी है। रूस ने इन धमकियों को यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि संप्रभु राष्ट्र अपने व्यापारिक साझेदार चुनने के लिए स्वतंत्र हैं।

 

 

Next Post

गाजा पट्टी पर कब्जा करने की नेतन्याहू की योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी

Fri Aug 8 , 2025
तेल अवीव, 08 अगस्त (वार्ता) इज़रायल सरकार ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पूरे गाजा पट्टी पर कब्ज़ा करने की योजना को मंज़ूरी दे दी है। श्री नेतन्याहू के कार्यालय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। श्री नेतन्याहू ने कहा कि हमास के बाद की इस सरकार के लिए एक ‘विस्तृत […]

You May Like