सतना :चित्रकूट में अमावस्या के अवसर पर दर्शन पूजन और परिक्रमा करने के पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के पार्किंग में खड़े वाहनों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने दबोच लिया. इस मामले में 5 आरोपियों को पहले ही पकड़ा जा चुका है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करते हुए पुलिस द्वारा अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.
चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमावस्या मेले के दौरान पार्किंग में खड़ी रहने वाली गाडिय़ों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया. जिसकी पहचान धनराज सिंह पटेल पिता दशरथ उम्र 49 वर्ष निवासी ओबरी बरगढ़ चित्रकूट उप्र के तौर पर हुई. इसी कड़ी में आरोपी से की गई पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी में उपयोग की जाने वाली पुरानी चाबियों को भी बरामद किया गया.
इस मामले में पुलिस द्वारा 5 अ ारोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपियों से की गई पूछताछ के आधार पर 14 अगस्त को होटल गुरुकृपा के सामने खड़ी बोलेरो को चोरी कर ले जाने की घटना का खुलासा हुआ. वहीं दूसरी ओर 16 अगस्त को कामतानाथ पार्किंग में खड़ी बोलेरो को चुराने की घटना भी आरोपियों द्वारा स्वीकार कर ली गई. इसी कड़ी में 15-16 मई को कामतनाथ द्वितीय मुखरबिंद के पास स्थित नि:शुल्क पार्किंग में खड़ी बोलेरो वाहन को चुराने की घटना की स्वीकारोक्ति आरोपियों ने की. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर चोरी के वाहनों की बरामदगी और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर विवेचना और छापेमारी की जा रही है.
