सीहोर. कलेक्टर बालागुरू के की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कलेक्टर बालागुरू के ने संबंधित अधिकारियों से जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा यातायात को सुगम बनाने के संबंध में चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
कलेक्टर बालागुरू के ने निर्देश दिए कि वाहनों की ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए हाईवे के टोल नाकों के पास स्पीड राडार गन द्वारा वाहनों पर कार्यवाही की जाए. इसके साथ ही रोड़ निर्माण एजेंसी जिले की सभी सड़कों का सर्वे करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी सड़कों पर संकेतक लगे हों और पुल एवं पुलिया क्षतिग्रस्त स्थिति में न हो. जिले के सभी जलमग्नीय पुल एवं पुलियाओं पर वर्षा ऋ तु के दौरान बैरिकेडिंग की जाए और संकेतक लगाए जाएं. इसके साथ ही निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए. नगर में अतिक्रमण वाले स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए ताकि यातायात संचालन में बाधा उत्पन्न न हो.
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएं. यातायात नियमों के बारे में नागरिकों को जागरुक किया जाए ताकि वे इन नियमों को समझते हुए इनका कढ़ाई से पालन कर सकें.
उन्होंने निर्देश दिए कि लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाए. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर वाहनों की चेकिंग की जाएं और चालानी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएं और हेलमेट न लगाने पर चालानी कार्रवाई की जाए. पशुओं के रोड़ पर होने से वाहन दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते पशुओं को सड़क से हटाकर गौशालाओं में छोड़ा जाए.
