इंदौर: रक्षाबंधन पर्व इस वर्ष भद्रा मुक्त शुभ मुहूर्त में मनाया जाएगा. प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार, इस वर्ष भी खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को विशाल राखी बांधी जाएगी. इस राखी को तैयार करने की परंपरा पिछले 21 वर्षों से शांतु-पुण्डरीक पालरेचा परिवार द्वारा निभाई जा रही है. इस बार की राखी विशेष रूप से चर्चा में है क्योंकि इसे पूर्णतः स्वदेशी और प्राकृतिक वस्तुओं से तैयार किया गया है.
राखी की लंबाई 40&40 इंच है और इसे बनाने की प्रक्रिया लगभग तीन माह पूर्व प्रारंभ हुई थी. इसमें गद्दा, फोम, सलमा-सितारे, रेशम, जरदोसी, और प्राकृतिक सामग्री जैसे रुद्राक्ष, सुपारी, लॉंग, इलायची, साथ ही चांदी, सोने का वर्क आदि का उपयोग किया गया है. इस बार की विशेष बात यह रही कि जब देश में चीन व तुर्की के सामान के बहिष्कार की लहर चली, तब इस परिवार ने भी यह निश्चय किया कि इस बार की राखी चाइनीज़ सामग्री से मुक्त और पूरी तरह स्वदेशी होगी.
