मणिपुर,उत्तराखंड, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश,और झारखंड ने जीत दर्ज की

काकीनाडा, 06 अगस्त (वार्ता) 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के छठे दिन बुधवार को डिवीजन ‘बी’ के सभी मैच समाप्त हो गए, जिसमें मणिपुर, उत्तराखंड और तमिलनाडु ने अपने-अपने लीग मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि हिमाचल ने बिहार के साथ ड्रॉ खेला।

आज यहां दिन के पहले मैच में मणिपुर ने असम को 3-1 से हराया। मणिपुर के लिए कंगजम सिल्विया चानू ने (27वें, 49वें) मिनट में दो गोल और देवी मुतुम प्रिया ने (26वें) मिनट में एक गोल किया। असम की ओर से एकमात्र गोल अश्मिता तिग्गा ने (20वें) मिनट में किया।

अगले मैच में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल को 7-0 से रौंद दिया। उत्तराखंड की कप्तान सलोनी पिलखवाल ने (नौंवें, 31वें, 46वें) मिनट में गोल कर हैट्रिक बनाई, जबकि राईन कहकशा अली ने (चौथे, 14वें) और आरती ने (40वें, 45वें) ने दो-दो गोल किए।

अन्य मैच हिमाचल और बिहार के बीच 1-1 से ड्रॉ रहा। हिमाचल के लिए भूमि ने (12वें) और बिहार की ओर से खुशी कुमारी ने (11वें) मिनट गोल किया। यह मुकाबला एक-एक गोल से ड्रा रहा।

अंतिम डिवीजन ‘बी’ मैच में तमिलनाडु ने अरुणाचल को 5-0 से हराया। तमिलनाडु की ओर से प्रियधरसिनी ने (39वें, 52वें) मिनट में दो गोल किए, जबकि अक्षता आर ने (43वें), सुबलक्ष्मी एल (40वें) मिनट और जयशालिनी एस (46वें) मिनट में एक-एक गोल किये।

इसके साथ ही 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सभी डिवीजन ‘बी’ मैच समाप्त हो गए। पूल‘ए’ से मणिपुर और पूल ‘बी’ से हिमाचल को अगले साल होने वाले डिवीजन ‘ए’ मैचों में पदोन्नत किया गया। इस सप्ताह की शुरुआत में, डिवीजन ‘सी’ के पूल ‘ए’ से गोवा हॉकी और पूल ‘बी’ से मिजोरम को भी अगले साल होने वाली जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के डिवीजन ‘बी’ में पदोन्नत किया गया।

दिन के दूसरे भाग में डिवीजन ‘ए’ लीग मैच हुए, जिसमें मध्य प्रदेश और झारखंड ने अपने-अपने पूल मैच जीते, जबकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।

पहले डिवीजन ‘ए’ मैच में मध्य प्रदेश ने पंजाब को 4-0 से हराया। मध्यप्रदेश की काजल ने (13वें, 52वें) और स्नेहा पटेल ने (36वें, 45वें) ने दो-दो गोल किए।

अगले मैच में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला जिसमें हरियाणा की कप्तान शशि खासा (पांचवें) मिनट और उत्तर प्रदेश की रश्मि पटेल ने (54वें) मिनट ने एक-एक गोल किया।

तीसरे डिवीजन ‘ए’ मैच में झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 7-1 से हराया। झारखंड की ओर से सरोज कुमारी ने (तीसरे, आठवें), स्वीटी डुंगडुंग ने (47वें, 50वें) मिनट और कप्तान रजनी केरकेट्टा ने (36वें, 41वें) मिनट दो-दो गोल किए, जबकि झारखंड के लिए रोशनी आइंद ने (19वें) मिनट में सातवां गोल किया। छत्तीसगढ़ के लिए एकमात्र गोल चेतना रानी दास ने (16वें) मिनट में गोल किया।

 

Next Post

वियतमान में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि

Wed Aug 6 , 2025
हनोई 06 अगस्त (वार्ता) वियतनाम में इस साल अभी तक लगभग एक करोड़ 20 लाख 23 हजार अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक पहुँच चुके हैं। यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 22.5 प्रतिशत अधिक है। बुधवार को जारी आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार सिर्फ एशियाई देशों से लगभग 96 लाख पर्यटक […]

You May Like