नई दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गयी है जिनमें ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता संयुक्त रूप से कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ और ममूटी को फिल्म ‘ब्रमायुगम’ के लिए चुना गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘आर्टिकल 370’ में शानदार अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है।
अभिनेता से निर्देशक बने रणदीप हुड्डा को फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के लिए चुना गया है। वहीं ‘कल्कि 2898 एडी’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के लिए चुना गया है। राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार कैप्टन मिलर (तमिल) को मिला है। तमिल फिल्म ‘अमरन’ के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिलेगा।।
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के पुरस्कार के लिए संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ के लिए चुना गया है, जबकि सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए सचाना नमिदास (महाराजा) और रोपाश्री वरकडी (मिथ्या) को संयुक्त रूप से चुना गया है।
सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के पुरस्कार के लिए अतीश एस. शेट्टी (मिथ्या), अरुंदेव पोथुला (35- चिन्ना कथा काडु) तथा रिद्धिमान बनर्जी, तपोमोय देब और गीताश्री चक्रवर्ती (ओंको की कोठिन) संयुक्त रूप से चुने गये है।
सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का पुरस्कार अभय जोधपुरकर को मराठी फिल्म ‘घराट गणपति’ के गीत ‘नवसाची गौरी माझी’ के लिए मिलेगा जबकि सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार वैकोम विजयलक्ष्मी को मलयालम फिल्म ‘ए.आर.एम.’ के गीत ‘अंगु वाना कोनिलु’ के लिए मिलेगा।
सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन के लिए ‘आर्टिकल 370’ के लिए शाश्वत सचदेव और ‘अमरन’ के लिए जी.वी. प्रकाश कुमार को चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मनोज मुंतशिर को फिल्म ‘मैदान’ के गीत ‘जाने दो’ के लिए मिला है।
अन्य पुरस्कार इस प्रकार हैं।
सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार ‘श्रीकांत’,
सर्वश्रेष्ठ असमिया फिल्म: जुईफूल
सर्वश्रेष्ठ बंगाली फिल्म: चलचित्र एखोन
सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म: मारण
सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म: मिथ्या
सर्वश्रेष्ठ कोंकणी फिल्म: मोग असुम
सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म: फेमिनिची फातिमा
सर्वश्रेष्ठ मणिपुरी फिल्म: सुनीता
सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म: मुक्काम पोस्ट बॉम्बिलवाड़ी
सर्वश्रेष्ठ ओड़िया फिल्म: लहरी
सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म: रायन
सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म: कमेटी कुर्रोल्लु
गैर फीचर फिल्म श्रेणी में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी- एकता का प्रतीक’ के लिए आनंद एल. राय को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
सिनेमा लेखन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ पुस्तक का पुरस्कार केंचनूरु प्रदीप कुमार शेट्टी को मिलेगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का पुरस्कार हिंदी समीक्षक संजीव श्रीवास्तव को दिये जाने की घोषणा की गयी है।
पुरस्कारों की घोषणा फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष जयराज, गैर-फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष असीम सिन्हा और सिनेमा लेखन जूरी के अध्यक्ष ए. चंद्रशेखर ने की।
