
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल के नवागत मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने बुधवार को पहली बार इटारसी रेलवे स्टेशन का दौरा किया। भोपाल से विशेष ट्रेन के जरिए पहुंचे डीआरएम ने प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित लॉबी रूम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से विस्तार से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे स्टेशन विकास कार्यों की भी समीक्षा की। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से यातायात में हो रही बाधा को लेकर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों एसडीएम और एसडीओपी ने डीआरएम से चर्चा की। इस पर डीआरएम त्यागी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इटारसी स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए जाएंगे, जिससे यातायात सुचारु होगा।
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज और एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं। डीआरएम ने कहा कि आने वाले समय में इटारसी रेलवे स्टेशन को पूरी तरह आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाया जाएगा। दौरे के बाद डीआरएम खंडवा स्टेशन का निरीक्षण करने रवाना हुए। इस दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।
