खंडवा: गौरव दिवस के अवसर पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार के बंगले का अवलोकन किया। यह पहला मौका था जब किसी कलेक्टर ने लगभग 25 मिनट बंगले में रुककर बारीकी से निरीक्षण किया और देखरेख कर रहे सीताराम काका से चर्चा की। मकान की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्मारक या संगीत मंदिर बनाने के सुझाव पर गंभीरता से विचार करने की बात कही।
समाजसेवी सुनील जैन के अनुरोध पर कलेक्टर ने पूर्व प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यदि परिजन सहमत हों, तो सरकार इसे अधिग्रहण कर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से स्मारक बनाने का प्रयास कर सकती है। कलेक्टर ने शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करने की बात भी कही।
