मंदसौर: सावन के अंतिम सोमवार पर कल 4 अगस्त को मंदसौर के राजाधिराज भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव भक्तों का हाल जानने राजसी सवारी में नगर भ्रमण पर निकलेंगे। प्रात: मंदिर प्रांगण में रजत प्रतिमा का पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार कर रथ में विराजित किया जाएगा। यह राजसी सवारी 29वां वर्ष है, जिसमें भगवान की रजत प्रतिमा भव्य रूप से सजाए गए रथ में नगर भ्रमण करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, कलेक्टर अदिति गर्ग सहित कई जनप्रतिनिधि पूजन-अर्चन में सम्मिलित होंगे।शिव की बारात के रूप में निकली इस सवारी में विभिन्न झांकियां, ढोल-ताशे, गरबा दल, महिला कलश यात्रा, अखाड़ा दल, बैंड पार्टियां और शिव-पार्वती सहित अन्य धार्मिक झांकियां शामिल रहेंगी।
यह यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर शिवना पुल, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, धानमंडी, बड़ा चौक होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी।रविवार को सवारी के प्रचार हेतु भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें नगरवासियों ने उत्साह से भाग लिया और जगह-जगह स्वागत किया गया।
