भिंड: सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल होने के उपरांत प्रदेश आलाकमान के सख्त रूख के बाद भिंड जिले में दो भाजपा नेताओं की उनके पदों से छुट्टी कर दी गई है। इनमें भाजयुमो जिलाध्यक्ष भी शामिल है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मेहगांव भी हटाए गए है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया व भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष भिंड देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने बताया कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह को उनके पद से तत्काल हटा दिया गया है। बीते दिनों एक रैली में जाने के दौरान उनके अशोभनीय कृत्य से पार्टी की छवि धूमिल हुई हैं। इसी कारण तत्काल उनको भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया गया हैं। वहीं भाजपा के मेहगांव मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा को भी उनके पद से मुक्त कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने उनके द्वारा दिये गये त्यागपत्र को तत्काल स्वीकृत कर मेहगांव मंडल अध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा ने विगत दिवस ब्लाक शिक्षा अधिकारी के साथ अभद्रता की थी। जिसके वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा आलाकमान ने इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया को तत्काल नीरज शर्मा को पद से हटाने के लिये कहा था।
