खेलो बढ़ो अभियान के तहत नारायणगंज के 200 छात्र-छात्राओं ने किया जिला खेल अधोसंरचना का अवलोकन

मंडला: खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित “खेलो बढ़ो” अभियान के तहत विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं को जिला मुख्यालय स्थित विभागीय खेल अधोसंरचना का शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक भ्रमण कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को खेलों की महत्ता से परिचित कराना और उनमें खेलों के प्रति रुचि व जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बैडमिंटन कोर्ट, हैंडबॉल ग्राउंड, खो-खो मैदान, स्विमिंग पूल, स्केटिंग ट्रैक जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान जिला खेल अधिकारी श्री विकास खड़ाकर ने बच्चों को खेलों में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी और उन्हें अपने लक्ष्य को लिखकर, एकाग्रता के साथ मेहनत करने की प्रेरणा दी।

इस विशेष भ्रमण में संदीपनी स्कूल टिकरिया, एकीकृत कन्या शाला पड़रिया, शासकीय कन्या छात्रावास सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों में इस अवसर को लेकर उत्साह और उमंग देखते ही बनती थी।कार्यक्रम की सफलता का श्रेय जनपद उपाध्यक्ष नारायणगंज अविनाश शर्मा को जाता है, जिनके निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन से यह आयोजन संभव हो सका। उन्होंने न केवल कार्यक्रम को सक्रिय समर्थन दिया, बल्कि खिलाड़ियों के लिए हमेशा की तरह हरसंभव सहयोग और सुविधा सुनिश्चित की।
इस आयोजन में चुटका मध्य प्रदेश विद्युत परमाणु परियोजना, जबलपुर के इकाई प्रमुख द्वारा बस सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय तक सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन मिला।

कार्यक्रम के संचालन में ब्लॉक खेल समन्वयक श्रीमती करुणा मर्सकोले की भूमिका सराहनीय रही। उनके साथ सुजीता यादव, अवधेश सिंगरौरे, प्रमिला बैरागी, मुकेश नायक, रानू उइके सहित कई शिक्षकों और कर्मचारियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत रहा, बल्कि खेलों के प्रति उनकी सोच को नया आयाम भी दिया।

Next Post

भाजयुमो नेता मानव घनघोरिया की अग्रिम जमानत अर्जी निरस्त

Sat Aug 2 , 2025
जबलपुर: अपर सत्र न्यायाधीश शबनम कादिर मंसूरी की अदालत ने प्राणघातक हमले के आरोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता मानव घनघोरिया की अग्रिम जमानत अर्जी निरस्त कर दी है। आपत्तिकर्ता की ओर से अधिवक्ता आशीष पांडे व राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक अरविंद जैन ने जमानत अर्जी […]

You May Like