इंदौर:सोशल मीडिया पर तलवार और अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाश आजाद नगर पुलिस की गिरफ्त में आ गए. इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर अपनी दबंगई के वीडियो अपलोड करना इन युवकों को महंगा पड़ गया. पुलिस ने इन्हें अवैध हथियारों के साथ पकड़ा और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
पुलिस आयुक्त विनोद कुमार मीना के निर्देश पर एडीसीपी आलोक कुमार शर्मा और एसीपी रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिलक कारोले की टीम ने कार्रवाई की.
गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय यश पिता प्रदीप यादव निवासी लाभाम रेसिडेंसी, मुसाखेड़ी, 24 वर्षीय संजय उर्फ राहुल पिता संदीप महोरिया निवासी गुलमोहर परिसर, बिचौली हप्सी और उनका साथी 26 वर्षीय अनिल पिता देवा डावर निवासी हरिओम पन्ना नगर शामिल हैं. आरोपियों के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि यश और संजय दोनों आदतन अपराधी हैं. इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है.
