
ब्यावरा। मलावर थानांतर्गत लखनवास कस्बे में घर में सो रहे एक बुजुर्ग पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने की घटना प्रकाश में आई है. आरोपी सोने-चांदी के आभूषण, नगदी लूट ले गये.
मलावर पुलिस के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियान यह घटना हुई. लखनवास निवासी फरियादी प्रेमनारायण पुष्पद उम्र लगभग 70 वर्ष अपने घर में सो रहे थे जबकि समीप एक ओर घर में अन्य परिजन सो रहे थे. फरियादी द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि छत के रास्ते से तीन लोग दरवाजा खोलकर भीतर आये और कान में पहने सोने की मुर्की खींचने लगे. हाथों में पहने चांदी के कड़े निकाल लिये. मुर्की खींचने से कान में चोट आई. कपड़े से मुंह दबा दिया तथा सामान लेकर दरवाजे से भाग गये. फरियादी ने बताया कि उन्हें जब होश आया तो आवाज लगाई. जिस पर परिजन, आसपास ग्रामीणजन आये और घटना का पता चला. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत के अनुसार संदेहियों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा.
