भोपाल, 01 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज सेना की महिला अधिकारी सोफिया कुरैशी पर अमर्यादित टिप्पणी के मामले से संबद्ध राज्य सरकार के मंत्री विजय शाह को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते प्रश्नकाल भी नहीं चल सका।
प्रश्नकाल के दौरान श्री शाह जैसे ही एक प्रश्न का उत्तर देने के लिए खड़े हुए, वैसे ही कांग्रेस ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक श्री शाह को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच विपक्षी विधायक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की आसंदी के पास तक आ गए और मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ही सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि सेना का अपमान करने वालों को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि ये लोग चीन और पाकिस्तान के दलाल हैं।
कांग्रेस के विधायक लगातार विजय शाह को बर्खास्त करने या उनके त्यागपत्र की मांग को लेकर अड़े रहे और दोनों पक्षों की ओर से हंगामा शुरु हो गया।
अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी विधायकों से आग्रह किया कि वे मंत्री का उत्तर आने दें और प्रश्नकाल चलने दें। इसके बाद भी दोनों पक्षों का हंगामा जारी रहा। कांग्रेस के विधायक आसंदी के पास धरने पर बैठ गए। इसी बीच अध्यक्ष श्री तोमर ने सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
श्री शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के संबंध में देश को जानकारी देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में एक बेहद अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसके बाद देश भर में उनके बयान का विरोध हुआ था। कांग्रेस ने उनके इस्तीफे को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन भी किए थे। अदालत के निर्देश पर विजय शाह के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। वर्तमान में ये मामला उच्चतम न्यायालय में है।
