इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी इलाके में छात्रों के बीच हुए विवाद ने क्षेत्र के रहवासियों को फिर परेशान कर दिया. करीब एक घंटे तक 6–7 छात्र आपस में चिल्लाते-धक्का मुक्की करते रहे. इस दौरान वहां मौजूद कुछ छात्राएं भी तमाशा देखती रहीं.रहवासियों का कहना है कि इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
लोगों ने आरोप लगाया कि होस्टलों और आसपास के क्षेत्रों में आए दिन छात्र विवाद करते रहते हैं, फिर भी पुलिस मौके पर देर से पहुंचती है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कई बार आधी रात को छात्रों के जन्मदिन तक सड़कों पर मनाए जाते हैं, जिसमें जमकर हंगामा और चिल्ल-पों होती है.
कुछ छात्र सरेआम शराब पीकर सड़क पर ही हंगामा करते हैं, लेकिन उन पर भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती. पुलिस को रहवासियों ने यह भी बताया कि खासतौर से रात 9 से 12 बजे तक विष्णुपुरी और भोलाराम मार्ग की गलियों में अशांति का माहौल बना रहता है, जिससे आम लोग परेशान हो रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर सख्ती बरतने की मांग की
