हाईवे निर्माण में लापरवाही नहीं चलेगी- सांसद पाटिल 

खंडवा। ज्ञानेश्वर पाटिल ने शुक्रवार को इंदौर–इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के खातला फाटा से शाहपुर तक निर्माणाधीन मार्ग का राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के साथ मैदानी निरीक्षण किया। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस निरीक्षण में सांसद ने सड़क निर्माण, पुलों, सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

समाजसेवी एवं प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सांसद ने खातला फाटा, असीरगढ़, झीरी, निम्बोला रेलवे ओवरब्रिज, ताप्ती एवं मोहना नदी पर बन रहे पुलों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान किसानों और ग्रामीणों ने सर्विस रोड, संपर्क मार्ग और जल निकासी जैसी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। सांसद ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने असीरगढ़ क्षेत्र की कटी घाटी में बाहर निकले पहाड़ी हिस्से को कम करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका न रहे। वहीं “बोलती पहाड़ी” क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के एक हिस्से को जल्द यातायात के लिए शुरू करने को कहा।

सांसद पाटील ने कहा कि इंदौर–इच्छापुर हाईवे पूरा होने के बाद खंडवा, बुरहानपुर, इंदौर और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और कृषि परिवहन को नई गति मिलेगी, वहीं रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक हाईवे क्षेत्र के आर्थिक विकास की नई जीवनरेखा साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई परियोजना संचालक आशुतोष सोनी, अमित गुप्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Next Post

बाहरी चुनौतियों के बाद भी पूंजीगत वस्तु उद्योग की वृद्धि 12-14 प्रतिशत के बीच मजबूत बनी रहेगी: क्रिसिल रेटिंग्स

Fri May 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 मई (वार्ता) रेटिंग फर्म क्रसिल रेटिंग्स का अनुमान है कि वाह्य क्षेत्र की चुनौतियों के बाद भी सरकारी पूंजीगत व्यय, बिजली, खनन, तेल और गैस, धातु और वाहन क्षेत्र में क्षमता का लगातार विस्तार से देश में पूंजीगत सामान बनाने वाली कंपनियों के कारोबार में चालू वित्त […]

You May Like