भोपाल। दीपावली का त्योहार खत्म हो गया है, लेकिन पटाखों का धुआं अब भी शहरों की हवा में घुला हुआ है। आतिशबाजी के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। हालात ये हैं कि भोपाल और उज्जैन की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल के टीटी नगर में AQI 404 और उज्जैन में 412 दर्ज किया गया।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि AQI की श्रेणी के अनुसार 301 से 400 तक हवा बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर मानी जाती है। अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशन और समय के अनुसार रीडिंग में अंतर हो सकता है।
पर्यावरणविद् ने दी चेतावनी, बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा खतरा
पर्यावरणविद् राशिद नूर खान ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि AQI का 300 से ऊपर पहुंचना और 400 के पार जाना बेहद गंभीर स्थिति है। उनके मुताबिक, ठंड और मौसम में नमी के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। सुबह के समय धुंध के साथ प्रदूषण का असर ज्यादा दिखाई देता है।
उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष चिंता जताई। उनका कहना है कि सुबह स्कूल बसों का इंतजार करने वाले बच्चों और मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से प्रदूषण के स्तर के अनुसार एडवाइजरी जारी करने और जरूरत पड़ने पर स्कूलों के समय में बदलाव करने की मांग की।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने 3 नवंबर को ही दीपावली से पहले वायु प्रदूषण और पटाखों से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें AQI बढ़ने पर बाहरी गतिविधियां सीमित करने और गंभीर प्रदूषण की स्थिति में घर के अंदर रहने की सलाह दी गई थी।
