
ब्यावरा। शासन द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकानों से जून, जुलाई और अगस्त तीन माह का राशन उपभोक्ताओं को देने के आदेश हो चुके है. किंतु ब्यावरा क्षेत्र में अनेक उपभोक्ता राशन के बिना रह गये है. राशन से वंचित रहे उपभोक्ताओं को तीन माह का राशन देने प्रशासन द्वारा 31 जुलाई को दिन तय किया गया किंतु आज जब उपभोक्ता राशन दुकानों पर राशन लेने पहुंचे तो अधिकांशत: उचित मूल्य की दुकानों पर ताले लटके मिले. यह देख उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे.
कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे तथा राशन वितरण करने की मांग की. काफी देर तक कंट्रोल दुकानों के सामने हंगामे के हालात बने रहे. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने पर मामला शांत हुआ. इस दौरान जिपं अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र यादव सहित इंकाजन मौजूद रहे.
तुगलकी आदेश बताया
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी के द्वारा विगत दिवस आदेश जारी कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत इस माह पात्र परिवारों को 31 जुलाई तक ही राशन का वितरण किया जाएगा. उसके पश्चात तीन माह का राशन वितरण किसी भी परिस्थिति में अगले माह नहीं करने की बात कही गई. पात्रता पर्ची धारी हितग्राहियों से पात्रतानुसार माह जून, जुलाई एवं अगस्त का खाद्यान्न 31 जुलाई तक उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर लेने को कहा गया. किंतु आज 31 जुलाई को जब उपभोक्ता दुकानों पर पहुंचे तो अधिकतर दुकाने बंद मिली. इंका नेताओं का कहना था कि यह एक तुगलकी आदेश है. जब दुकान ही नहीं खुली तो उपभोक्ता कहां से राशन लेंगे. साथ ही प्रशासन से राशन वितरण का समय बढ़ाने की मांग की है.
चक्कर काटने को मजबूर
इस दौरान कई उपभोक्ताओं का कहना था कि वह तीन माह का राशन लेने कई दिनों से कंट्रोल दुकान के चक्कर लगा रहे है किंतु हर बार यही कहा जाता है कि अभी राशन नहीं आया है आयेगा जब दिया जाएगा. वहीं कुछ उपभोक्ताओं का कहना था कि दुकानदार सीधे मुहं बात तक नहीं करते.
जल्द मिले राशन, दोषियों पर हो कार्यवाही
जिपं अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया का कहना है कि ब्यावरा क्षेत्र में 50 से 60 प्रतिशत उपभोक्ता राशन से वंचित रह गये है जिनको जल्द ही राशन का वितरण किया जाये तथा खाद्यान्न मामले की उचित जांच कर इसमें जो भी दोषी हो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाये. उन्होंने कहा कि राशन नहीं मिलने का मुद्दा कांग्रेस ने उठाते हुए अधिकरियों के समक्ष इसे रखा.
ताला लगाकर गायब हुए
31 जुलाई को नगर की अधिकांश शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर ताले लटके हुए मिले. उपभोक्ताओं का कहना है कि वह जब राशन लेने पहुंचे उसके पूर्व ही दुकानदार ताला लगाकर गायब हो गये. हम सुबह से लाइन में लगे रहे.
