चंडीगढ़, 31 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो अगस्त को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेल महाकुंभ 2025 का उदघाटन करेंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में दो चरणों में खेल महाकुंभ का आयोजन होगा, जिसमें 26 खेलों में 15410 खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेहतरीन खेल नीति और हर राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर हरियाणा खेलों में देश का सिरमौर बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने में 60 प्रतिशत का योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में खेल महाकुंभ के खेल चार अगस्त तक आयोजित होंगे। प्रदेश में राज्य स्तर के इस आयोजन में पहली बार है, जब खेल महाकुंभ को भव्य समारोह का रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “ हमारे लिए गर्व की बात है कि पिछले 17 वर्षों में हुए पांच ओलंपिक खेलों में हरियाणा के किसी न किसी खिलाड़ी ने पदक जीता है। हमारे खिलाड़िय़ों ने ओलंपिक में पिछले पांच ओलंपिक खेलों में 15 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। ”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार जगहों पर 26 खेलों का आयोजन किया जायेगा। पंचकूला में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, हैंडबाल और हाकी, फरीदाबाद में शूटिंग और ताईक्वांडो, रोहतक में बाक्सिंग, नेटबाल और फुटबाल और सोनीपत में लान टेनिस खेल आयोजित किये जायेंगे, जिसमें प्रदेश के 22 जिलों और हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई (सोनीपत) के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखायेंगे। खेल महाकुंभ में दोनों चरणों में 2102 पदकों से खिलाड़ियों को नवाजा जाएगा। पहले चरण में 836 और दूसरे चरण में 1266 पदक, विजेता खिलाड़ियों को दिये जायेंगे। दूसरे चरण के खेल अगस्त के अंतिम सप्ताह में करवाये जायेंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा का खेल महाकुंभ देश में राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता से बड़ा आयोजन होना है। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में लगभग 8000 खिलाड़ी भागीदारी करते हैं, जबकि खेल महाकुंभ में 15000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त खेल निदेशक के नेतृत्व में विशेष समन्वयन समिति का गठन किया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश का कोई भी खिलाड़ी खेल सुविधा या खेलों के टेक्निकल आयोजन से संबंधित शिकायत सीधा समिति को दे सकता है, जिसके अनुसार लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल नीति के अनुसार खेल महाकुंभ के विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा खेल प्रमाण पत्र ग्रेडेशन बनाने का प्रावधान है, जिसके तहत सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को तीन प्रतिशत का खेल आरक्षण प्रदान किया जाता है।
