सिलवानी अस्पताल के घटिया निर्माण पर विधायक पटेल ने पूछा अधूरी बिल्डिंग कैसे हुई हैंडओवर

रायसेन। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल ने सिविल अस्पताल सिलवानी के अधूरे और घटिया निर्माण का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अधूरी बनी बिल्डिंग जिसको बीएमओ ने हैंडओवर लेने से मना कर दिया था उसको तत्कालीन सीएमएचओ ने कैसे विभाग के हैंडओवर करवा दिया और काम को पूर्ण बता दिया। उन्होंने कहा कि सिलवानी बीएमओ ने तकनीकी अधिकारियों के साथ निरीक्षण करके 20 अधूरे कामों को पूरा करने की मांग की थी जिनकी लागत तीन करोड़ 11 लाख है, यदि इसी राशि को स्वीकृत कर दिया जाए तो अस्पताल चालू होने की स्थिति में हो जाएगी। विधायक पटेल ने कहा कि यदि अधूरे पड़े काम पूरे नहीं होंगे तो आठ करोड़ 31 लाख की लागत से बनी यह बिल्डिंग गिरने लगेगी। उन्होंने इस भवन के घटिया निर्माण की जांच की भी मांग की। उत्तर देते हुए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भवन बनकर तैयार है जरूरी फर्नीचर व उपकरण लगाए जा रहे है और शीघ्र ही इस भवन में अस्पताल चालू हो जाएगा। जहां तक घटिया निर्माण की बात है तो इसके लिए तकनीकी अधिकारियों की एक कमेटी बना दी गई है, जांच दल की रिपोर्ट मिलने के बाद ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। विधायक जिस 3 करोड़ 11 लाख के अतिरिक्त निर्माण कार्य के प्राक्कलन को स्वीकृत करने की बात कर रहे हैं उसका भी परीक्षण कराकर जरूरी होने पर स्वीकृत कर दिया जाएगा।

Next Post

यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को परखा 

Thu Jul 31 , 2025
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर स्टेशन पर रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती हुयी संख्या को देखते हुए यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति जानने अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने मण्डल के शाखा अधिकारियों के साथ आज जबलपुर स्टेशन पहुंच कर […]

You May Like