इंदौर:शहर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत क्राइम ब्रांच को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो युवकों को 1.708 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी मोटरसाइकिल के जरिए गांजे की आपूर्ति कर रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों में संदीप चौहान (20) निवासी हातोद और शुभम यादव (23) निवासी गांधीनगर नया बसेरा शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर, शहर के नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। संदीप आइसर वाहन पर हेल्पर है और सातवीं तक पढ़ा है, वहीं शुभम मजदूरी करता है और पांचवीं तक पढ़ा है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि लोखंडे पुलिया के पास दो संदिग्ध युवक मादक पदार्थ लेकर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहाँ दोनों आरोपी पुलिस की गाड़ी देखकर घबरा गए। पूछताछ में उनका नाम सामने आया और तलाशी में 1.708 किलो गांजा तथा एक एक्सेस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
