
सीधी। नागपंचमी के पावन अवसर पर सीधी जिले के अमहा स्थित गुरु आशिक पालिका व्यायामशाला में अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता 2025 का आयोजन पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से आए नामी पहलवानों ने भाग लिया और अपने शानदार दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया। झांसी के बालमुकुंद, चित्रकूट के राजेश, राजस्थान के बिल्ला, आगरा के कमल, मथुरा के मुकेश, बिहार, लखनऊ, प्रयागराज और हरिद्वार से आए कई पहलवानो ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पहलवानों की हौसला अफजाई की और विजेताओं को सम्मानित किया। दंगल आयोजन में गुरु दिलावर अली खान, कोच मानिंद शेर अली खान व अन्य प्रशिक्षकों की अहम भूमिका रही। यह आयोजन महागुरु स्व. आशिक अली खान की स्मृति में परंपरा अनुसार संपन्न हुआ।
इधर, जिले भर में नागपंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने नागदेवता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की और पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया। दिनभर धार्मिक वातावरण और सांस्कृतिक उत्सव की छटा छाई रही।
