
P&G में 1989 से कार्यरत जेजुरिकर, जॉन मोलर की लेंगे जगह, IIM-लखनऊ से MBA, भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का एक और उदाहरण
नई दिल्ली, 29 जुलाई 2025
दुनिया की सबसे बड़ी उपभोक्ता वस्तु कंपनियों में से एक, प्रॉक्टर एंड गैंबल (P&G) ने भारतीय मूल के शैलेश जेजुरिकर को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 1 जनवरी, 2026 से प्रभावी होगी। जेजुरिकर वर्तमान CEO जॉन मोलर की जगह लेंगे, जो कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं। यह खबर भारत के लिए एक और गौरव का क्षण है, क्योंकि भारतीय मूल के अधिकारी लगातार दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शीर्ष पदों पर आसीन हो रहे हैं।
शैलेश जेजुरिकर का P&G में एक लंबा और शानदार करियर रहा है। उन्होंने 1989 में P&G इंडिया के पर्सनल हेल्थकेयर विभाग में बतौर ब्रांड मैनेजर अपना करियर शुरू किया था। आईआईएम-लखनऊ से एमबीए की डिग्री हासिल करने के बाद, जेजुरिकर ने कंपनी के भीतर लगातार तरक्की की और 2014 से वे कंपनी की वैश्विक नेतृत्व टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने उत्तरी अमेरिका, यूरोप, एशिया और लैटिन अमेरिका सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रमुख व्यावसायिक भूमिकाएं निभाई हैं। P&G ने कहा है कि उनका व्यापक अनुभव और नेतृत्व संगठन को और मजबूती प्रदान करेगा, और कंपनी को आगे की दिशा में नई ऊर्जा देगा।
