
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला बीते दिन मंगलवार 6 जनवरी की शाम 4:38 बजे का है, जब प्रमोद जैन के घर के सामने खड़ी उनकी हीरो होंडा बाइक क्रमांक यूपी 64 क्यू 3297 को अज्ञात चोर दिनदहाड़े चोरी कर ले गया। खास बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है, इसके बावजूद चोर बेखौफ नजर आया। घटना के समय क्षेत्र में सामान्य आवाजाही बनी हुई थी, फिर भी चोर आराम से बाइक लेकर फरार हो गया। कोतवाली क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे नागरिकों में रोष और असुरक्षा का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सीसीटीव्ही फुटेज मौजूद हैं, तो क्या पुलिस चोर तक पहुंच पाएगी या मामला फाइलों में दबकर रह जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
