सतना : जिले की रामपुर बघेलान जनपद पंचायत में अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव सामने आने के 24 घंटे के भीतर ही एक जपनद सदस्य के अचानक लापता हो जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई थी. यहां तक कि अपहरण की आशंका जताते हुए जनपद सदस्य की पत्नी द्वारा थाने में लिखित शिकायत तक कर दी गई थी. लेकिन घटना के 3 दिन बाद जनपद सदस्य अचानक प्रकट हो गए और बताया कि वे बंधक नहीं बल्कि अपने साथियों के साथ सुरक्षित हैं.
रामपुर बघेलान जनपद पंचायत वार्ड क्रमांक 4 के सदस्य और कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत चूंद गांव के निवासी रामनारायण डोहर रविवार को अचानक प्रकट हो गए. मीडिया के माध्यम से बयान जारी करते हुए उन्होंने बताया कि वे अपने साथियों के बीच सुरक्षित हैं. उन्हें न तो किसी प्रकार की धमकी दी गई और न ही बंधक बनाया गया. रामनारायण के अनुसार कुछ लोगों के बहकावे में आकर उनकी पत्नी घबरा गई थीं. जिसके चलते पत्नी द्वारा थाने में शिकायत कर दी गई.
उन्होंने पूरे घटनाक्रम से पत्नी को भी अवगत करा दिया है. इसी कड़ी में कोटर थाना प्रभारी रविवार को रामनारायण के घर भी पहुंचे. जहां पर पत्नी शकुंतला ने घटनाक्रम की स्थिति को स्पष्ट कर दिया. इसके साथ ही पत्नी शकुंतला ने थाना प्रभारी से यह भी कहा कि वे अपनी शिकायत वापस लेने के लिए तैयार हैं. रामनारायण ने एक बार फिर यह स्वीकार किया कि जनपद अध्यक्ष रावेंद्र सिंह पटेल छोटू के अविश्वास प्रस्ताव में उन्होंने हस्ताक्षर किए हैं.
लेकिन इसके चलते उन्हें न तो किसी तरह की धमकी मिली और न ही बंधक बनाने का प्रयास किया गया. यह बात और है कि दो दिन तक भूमिगत क्यों रहे, यह बताने से रामनारायण गुरेज करते रहे. वहीं रविवार को बदले हुए घटनाक्रम के बीच एक ओर जहां पुलिस ने राहत की सांस ली वहीं दूसरी ओर वे लोग भी तनावमुक्त नजर आए जिनके ऊपर उंगली उठ रही थी.
कैसे मचा हडक़ंप
24 जुलाई की सुबह दवाई कराने सतना जाने की बात पत्नी से कहकर रामनारायण घर से निकले थे. लेकिन शाम तक जब वे वापस लौट कर नहीं आए तो पत्नी शकुंतला ने फोन पर संपर्क किया. बार बार लगाने के बावजूद भी फोन स्विच ऑफ बताने पर पत्नी को चिंता होने लगी. वहीं रात के 9 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया जिसमें जनपद सदस्य रामनारायण डोहर ने बस इतना ही बताया कि वे सतना में हैं और फोन कट गया. इस घटनाक्रम से बुरी तरह घबराई पत्नी ने अगले ही दिन कोटर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की. जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना शुरु कर दी.
