जम्मू, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार कहा कि पुंछ स्थित बूढ़ा अमरनाथ मंदिर की पवित्र तीर्थयात्रा का आध्यात्मिक महत्व बहुत अधिक है और प्रशासन ने पुलिस तथा सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सुरक्षित, आरामदायक और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।
यहां के अभिनव थिएटर में श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने श्रद्धालुओं, बाबा अमरनाथ और बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और यात्रा की तैयारियों तथा प्रबंधन से जुड़े अन्य हितधारकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने भगवान शिव के दर्शन के लिए देश भर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ” श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान 3.77 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। मुझे गर्व है कि हम सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।” उपराज्यपाल ने कहा कि आध्यात्मिक यात्रा के लिए श्रद्धालुओं और संतों का एकत्र होना हमारे शाश्वत ज्ञान, सांस्कृतिक विरासत और समृद्ध परंपराओं की याद दिलाता है, जिन्होंने लंबे समय से विश्व को शांति, प्रगति और एकता की ओर अग्रसर किया है।
उन्होंने कहा, “भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम विश्व को एक परिवार मानने का संदेश दिया है। हमारी संस्कृति ने हमेशा वैश्विक कल्याण और शांति पर ज़ोर दिया है। अब समय आ गया है कि हमारी समृद्ध प्राचीन परंपराओं की गौरवशाली विरासत जम्मू-कश्मीर की नय पीढ़ी को सौंपी जाए।”
उपराज्यपाल ने पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा मारे गए निर्दोष नागरिकों को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। हमारी पुलिस, सुरक्षा बल और प्रशासन दुश्मन के प्रयासों को विफल करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।”
इस मौके पर युद्धवीर सेठी, विक्रम रंधावा, घारू राम भगत- विधान सभा सदस्य, संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार, जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन टूटी, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
