
ग्वालियर। करीला माता मंदिर से जल अर्पण कर लौट रहे कावड़ यात्री की एक बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा प्रसिद्ध करीला माता मंदिर के पास हुआ। मृतक की पहचान लाखन यादव (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुंगावली के वार्ड नंबर 5, कुशवाहा कॉलोनी का निवासी था।
लाखन यादव उज्जैन से अपने साथी बबलू कुशवाहा के साथ कावड़ लाकर करीला माता मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचे थे। दो दिन से रुके हुए थे और घर लौटने वाले थे। लेकिन लौटते समय जैसे ही वह मंदिर क्षेत्र से बाहर निकले, एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लाखन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
