मिस्र,फ्रांस के राष्ट्रपतियों ने गाज़ा में युद्धविराम मध्यस्थता पर की चर्चा

काहिरा, 27 जुलाई (वार्ता) मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने शनिवार को अपने फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रों के साथ फोन पर बातचीत कर गाजा पट्टी में युद्धविराम के लिए मध्यस्थता के प्रयासों पर चर्चा की।

यह जानकारी रविवार को मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में दी। दोनों नेताओं ने गाजा के लोगों को पर्याप्त मानवीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय प्रस्तावों के अनुसार फिलिस्तीन मुद्दे का न्यायसंगत एवं व्यापक समाधान निकालने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के आगामी 80वें सत्र के दौरान फिलिस्तीन को आधिकारिक रूप से मान्यता देने के श्री मैक्रों की हालिया घोषणा का स्वागत करते हुए श्री सिसी ने कहा कि यह निर्णय दो-राष्ट्र समाधान को लागू करने के लिए फ्रांस के प्रयासों का हिस्सा है।

श्री सिसी ने फिलिस्तीनी मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान करने के लिए एक उच्च स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने के उद्देश्य से फ्रांस-सऊदी पहल को मिस्र का समर्थन देने की भी पुष्टि की जो इस महीने के अंत में न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाला है।

बयान के अनुसार, फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों ने मिस्र के मध्यस्थता प्रयासों को फ्रांस का पूर्ण समर्थन देने की बात की।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर 2023 से गाजा में चल रहे इजरायली सैन्य अभियान में 59,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 1,43,000 से अधिक घायल हुए हैं।

Next Post

सुकमा में महिला नक्सली गिरफ्तार

Sun Jul 27 , 2025
सुकमा, 27 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शनिवार को एक महिला नक्सली को गिरफ्तार किया गया। संयुक्त बलों ने खोजी अभियान के दौरान गटोण्डामरका के जंगल पहाड़ी में घेराबंदी कर महिला नक्सली माड़वी सुक्की (35) पति सोमडू पामेड़ एलओएस कमाण्डर एसीएम निवासी एतराजपाड़ थाना चिंतागुफा जिला सुकमा को […]

You May Like