आष्टा. नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में 18 करोड़ 59 लाख 86 हजार रुपए से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया.
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ कार्य कर रही है. सरकार द्वारा प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के पात्रतानुसार अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है. सरकार द्वारा प्रदेश सरकार द्वारा अनेक सड़के बनाई जा रही हैं, जिसे परिवहन के साथ ही विकास को भी रफ्तार मिली है. प्रधानमंत्री श्री मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाया जाए.
उन्होंने कहा कि हम सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि हमारा नगर स्वच्छ हो. स्वच्छता किसी भी क्षेत्र के विकास में प्रमुख भूमिका निभाती है. यदि हमें अपने शहर को विकसित बनाना है तो हमे सबसे पहले अपने शहर को स्वच्छ बनाना होगा. कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दीक्षा सोनू गुणवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने 1098.57 लाख रुपए लागत के नवनिर्मित पार्वती पुल (अटल सेतु) का लोकार्पण किया. इसी प्रकार 79.68 लाख रुपए लागत के 3 संजीवनी क्लीनिकों का भी लोकार्पण किया. इसके अलावा मंत्री श्री विजयवर्गीय ने 422.54 लाख रुपए लागत के नवीन नपा कार्यालय भवन, 209.07 लाख रुपए लागत के वॉटर बॉडी रिज्यूविशन खेड़ापति कमल तालाब तथा 50 लाख रूपये लागत के एक गौभोज एवं पांच नवीन कचरा संग्रहण वाहनों का भूमिपूजन किया.
