कोटक महिंद्रा बैंक को पहली तिमाही में 4,472 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

मुंबई, 26 जुलाई (वार्ता) निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 4,472 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 4,435 करोड़ रुपये की तुलना में एक प्रतिशत अधिक है।

बैंक ने शनिवार को जारी वित्तीय परिणामों में बताया कि पहली तिमाही में उसका कुल राजस्व 26,703.92 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह 25,075.87 करोड़ रुपये था। इस दौरान ब्याज से प्राप्त आय 8.91 फीसदी बढ़कर 17,248.31 करोड़ रुपये पर पहुँच गयी।

पहली तिमाही के जारी परिणामों के अनुसार, 30 जून 2025 को समाप्त तिमाही में बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में गिरावट आयी है। उसका सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) का अनुपात 1.48 प्रतिशत हो गया। इस साल 31 मार्च को यह 1.42 प्रतिशत था।

इसी अवधि में शुद्ध एनपीए 0.31 प्रतिशत से बढ़कर 0.34 प्रतिशत हो गया।

तिमाही के दौरान उसके पास प्रबंधन के लिए मौजूद कुल परिसंपत्ति (एयूएम) 18 प्रतिशत बढ़कर 7,50,143 करोड़ रुपये पर पहुँच गयी। घरेलू म्यूचुअल फंड इक्विटी में 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 3,57,323 करोड़ रुपये रही। पहली तिमाही में इक्विटी पर लाभ 11.13 प्रतिशत रहा।

बैंक द्वारा दिये गये शुद्ध ऋण में पहली तिमाही में 14 प्रतिशत का उछाल आया और यह 4,44,823 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कुल औसत जमा 13 प्रतिशत बढ़कर 4,91,998 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

 

Next Post

वारासिवनी-कटंगी की उपेक्षा, सांसद का फोकस छिंदवाड़ा-नैनपुर पर

Sat Jul 26 , 2025
बालाघाट।सांसद भारती पारधी ने संसद के मानसून सत्र के दौरान 22 जुलाई को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की रेल सेवाओं के विस्तार के लिए मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने, लामता और हट्टा में स्टॉपेज देने, और कुछ ट्रेनों के विस्तार […]

You May Like