गुना: जिला अस्पताल गुना में लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से नाराज़ 56 सफाईकर्मी, 15 वार्ड बॉय और तीन कंप्यूटर ऑपरेटर शनिवार को काम छोडक़र हड़ताल पर बैठ गए। इन कर्मचारियों को पिछले आठ माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को कर्मचारियों और सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र सिंह रघुवंशी के बीच बैठक हुई, जिसमें सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक सभी कर्मचारियों को लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी और पुन: काम पर लौट आए। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी दिखाई दी। सफाईकर्मियों का कहना था कि आठ महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें अपने घर चलाने में बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारी कर्ज में डूब गए हैं, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं। वार्ड बॉय और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भी यही बात दोहराते हुए कहा कि उनका धैर्य अब जवाब दे चुका है। वेतन न मिलने के कारण उनका मानसिक तनाव भी बढ़ गया है।
कृष्णा सिक्योरिटी के सुपरवाइजर के अनुसार 56 सफाई कर्मचारियों को हर महीने लगभग 8.5 लाख रुपये वेतन मिलना है, यानी आठ माह का कुल बकाया 68 लाख रुपये है। इसी तरह 15 वार्ड बॉय को प्रति माह 1,24,000 रुपये के हिसाब से कुल 9 लाख 52 हजार रुपये का भुगतान बाकी है। वहीं तीन कंप्यूटर ऑपरेटरों का प्रतिमाह वेतन 54,000 रुपये है, जिसके अनुसार आठ माह का बकाया करीब 4 लाख 32 हजार रुपये बनता है।
कुल मिलाकर तीनों वर्गों का लगभग 82 लाख रुपये से अधिक का भुगतान बकाया है। हड़ताल के कारण शनिवार को अस्पताल की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। मरीजों और उनके परिजनों को गंदगी का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर में कचरा जमा हो गया था और कई वार्डों में स्वच्छता का अभाव साफ नजर आया। हालांकि सिविल सर्जन और अधिकारियों की समझाइश के बाद दोपहर में ही कर्मचारी काम पर लौट आए, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे।
सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे और इस बार अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा, उन्हें ठोस कार्रवाई चाहिए। सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है और सोमवार तक हर हाल में सभी कर्मचारियों को उनका लंबित वेतन मिल जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से संयम बरतने और मरीजों की सेवा में लगे रहने की अपील की।
