जयपुर, (वार्ता) राजस्थान में झालावाड़ में शुक्रवार को एक विद्यालय की छत गिरने से आठ बच्चों की मौत के मामले में राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग (आरएसएचआरसी) ने प्रसंज्ञान लिया है।
आरएसएचआरसी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जी आर मूलचंदानी ने इस घटना को दर्दनाक बताते हुए प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक, झालावाड़ के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करके घायल बच्चों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, मामले की वास्तविक तथ्यपरक रिपोर्ट अविलम्ब भेजने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने जिला कलेक्टर को मृत विद्यार्थियों के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि एवं देय परिलाभ प्रदान करने के निर्देश देते हुए सात अगस्त तक कार्रवाई करके रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
