नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) ऑनलाइन यात्रा सेवाएं देने वाली कंपनी मेकमाईट्रिप ने विदेशों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करने के लिए स्थानीय पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों, थीम पार्क और रोमांचक खेल जैसी गतिविधियों की बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है।
कंपनी ने सैर-सपाटे एवं आकर्षक स्थलों की बुकिंग का यह नया मंच पेश किया है। इस मंच के जरिये 130 देशों के 1,100 शहरों में दो लाख से अधिक बुकिंग योग्य गतिविधियों तक पहुंच हासिल की जा सकती है।
मेकमाईट्रिप ने बयान में कहा कि यह मंच भारतीय यात्रियों को वैश्विक अनुभवों की तलाश और उनकी बुकिंग की सुविधा देता है। इनमें शहर के भीतर भ्रमण, सांस्कृतिक गतिविधियों से लेकर थीम पार्क और रोमांचक खेल तक शामिल हैं।
मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा, ‘‘जब भारतीय पर्यटक विदेश यात्रा पर जाते हैं तो उनके खर्च का बड़ा हिस्सा वहां के अनुभवों से जुड़ा होता है। हालांकि, इन अनुभवों की तलाश और उनकी बुकिंग करना किसी भी विदेश यात्रा के सबसे मुश्किल पहलुओं में से एक है। ऐसे में हमारी कोशिश है कि विमान यात्रा, होटल और परिवहन बुकिंग की तरह खोज और बुकिंग अनुभव को भी सरल, सुविधाजनक और व्यक्तिगत बनाया जा सके।’’
कंपनी ने बताया कि इस नए मंच के लिए प्रमुख वैश्विक अनुभव प्रदाताओं के साथ साझेदारी की गई है। इसके जरिये ग्राहक भारतीय रुपये में अपनी बुकिंग कर सकते हैं।
