
नयी दिल्ली 07 मई (वार्ता) केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई को आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहिष्णुता का प्रतीक बताया है।
श्री मल्होत्रा ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर ऑपरेशन सिंदूरः आतंक के प्रति शून्य सहिष्णुता है। भारत माता की जय। जय हिंद’
गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तहत निशाना बनाया।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक भारतीय सेनाओं ने कुल मिलाकर नौ (09) ठिकानों को निशाना बनाया है। भारतीय सेनाओं ने आतंकवादियों के जिन ठिकानों को निशाना बनाया है वहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें (आतंकवादियों) निर्देशित किया गया था।
