
उज्जैन। बैंक आए व्यक्ति के एक तोला वजनी सोने के आभूषण गुम हो गए थे। पुलिस में सीसीटीवी कैमरों की मदद से आभूषण खोज निकाले और उक्त व्यक्ति को वापस लौटा दिए।
माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि राहुल पिता मोहनसिंह आंजना, निवासी ग्राम भैरूपुरा, तहसील तराना द्वारा थाना माधव नगर में रिपोर्ट की गई कि वह दोपहर लगभग 1.30 बजे केपरी गोल्ड लोन बैंक, ऋषि नगर (पेट्रोल पम्प के पीछे, एलआईसी कार्यालय के ऊपर) से अपने सोने के जेवर छुड़वाकर बाहर निकला था। वाहन में बैठते समय उसने अपनी जरकीन उतारकर वाहन में रखी तथा वहां से चला गया। कुछ समय पश्चात जांच करने पर जरकीन में रखे दो कान की सोने की झुमकी एवं दो सोने की बालियां गायब पाई गईं। सोने के आभूषण गुम होने पर बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज देखने शुरू किये। सघन जांच एवं तलाशी के दौरान पुलिस को संबंधित बैंक के पास एक बंधी हुई पुडिय़ा में फरियादी के गुम हुए सोने के जेवरात सुरक्षित अवस्था में प्राप्त हुए। नियमानुसार लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूर्ण कर जेवरात फरियादी को सुपुर्द किए गए। आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए के लगभग थी। जिन्हें खोज निकालने में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत गौतम, आरक्षक देवराज, आरक्षक अविनाश का सहयोग रहा।
