एचएफसीएल को पहली तिमाही में 29.30 करोड़ रुपये का नुकसान

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी एचएफसीएल को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 29.30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
कंपनी लगातार दूसरी तिमाही में घाटे में रही है। पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2025) में उसे 83.30 करोड़ रुपये का घाटा और पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2024) में 110.65 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
एचएफसीएल के निदेशक मंडल की यहाँ हुई बैठक के बाद जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार, पहली तिमाही में कंपनी का राजस्व 8.78 प्रतिशत बढ़कर 871.02 करोड़ रुपये पर पहुँच गया।
एकल आधार पर कंपनी का कुल राजस्व 789.28 करोड़ रुपये रहा और उसे 42.34 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
एचएफसीएल के निदेशक महेंद्र नहाटा ने परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा, ”हमारा मानना है कि यह एचएफसीएल के लिए एक खास वर्ष होने वाला है और वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही ने इसके लिए मजबूत नींव रखी है। हमारी आय में 66 प्रतिशत का योगदान उत्पाद सेगमेंट का है जबकि निर्यात का योगदान 24 प्रतिशत है। दूरसंचार और रक्षा क्षेत्र में हाई-टेक और मूल्य वर्द्धित उत्पादों की तरफ मुड़ने के रणनीतिक बदलाव के उत्साहजनक परिणाम आ रहे हैं।”

Next Post

वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार लुढ़के, प्रमुख सूचकांक पाँच सप्ताह के निचले स्तर पर

Fri Jul 25 , 2025
मुंबई, 25 जुलाई (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और घरेलू स्तर पर डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से शुक्रवार को शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक पाँच सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुये। बीएसई का सेंसेक्स 721.08 अंक यानी 0.88 प्रतिशत […]

You May Like