खनिज घोटाले पर सवाल उठाने पर जनपद CEO ने सदस्य का किया अपमान

इंदौर/ सांवेर:जनपद पंचायत की साधारण बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब अवैध खनन का मुद्दा उठाने पर एक जनप्रतिनिधि के साथ जनपद सीईओ द्वारा सार्वजनिक तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया. घटना के विरोध में बैठक का बहिष्कार कर जनपद के सभी सदस्य बैठक कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए. जनप्रतिनिधियों ने इसे लोकतंत्र का अपमान बताते हुए सीईओ को हटाने और अवैध खनन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

जानकारी के अनुसार, जनपद सदस्य महेश भगत ने माता बरोड़ी क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन की शिकायत बैठक में उठाई थी. इसी दौरान जनपद पंचायत सीईओ ने न केवल उनकी बात को अनसुना किया, बल्कि सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी भी कर दी. इसी के विरोध में सभी सदस्य बैठक से बाहर आ गए और धरना शुरू कर दिया.

इस धरने में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मानसिंह चौहान और उपाध्यक्ष अनोखीलाल पटेल भी शामिल रहे. कांग्रेस और भाजपा सहित सभी दलों के सदस्य एकजुट दिखे. करीब तीन घंटे चले धरने के दौरान जमकर नारेबाजी की गई. पूर्व जनपद सदस्य ने कहा कि सांवेर में करोड़ों रुपए का खनिज घोटाला हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि माता बरोड़ी में हो रहे अवैध खनन को जनपद सीईओ का संरक्षण प्राप्त है.

बेलगाम हो गए अफसर
किसान नेता हंसराज मंडलोई ने यह भी कहा कि पहले अधिकारी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते थे, लेकिन अब नेताओं के संरक्षण में अफसर बेलगाम हो गए हैं. आज हालात ये हैं कि वे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष तक को कोई महत्व नहीं देते. यह न केवल जनप्रतिनिधियों का, बल्कि संविधान और लोकतंत्र का अपमान है. उन्होंने यह भी कहा कि सांवेर जनपद अध्यक्ष का पद एक आदिवासी महिला के लिए आरक्षित है. ऐसे में महिला अध्यक्ष को दरकिनार कर अफसरशाही चलाना सामाजिक न्याय के भी खिलाफ है.

कार्रवाई नहीं तो बड़ा आंदोलन
लगातार बढ़ते विरोध के बीच एक वरिष्ठ नेता का फोन आने और अनुविभागीय अधिकारी सांवेर घनश्याम धनखड़ की मध्यस्थता के बाद धरना समाप्त हुआ. हालांकि जनप्रतिनिधियों ने साफ किया कि यदि सीईओ पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती, तो जिलेभर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा. मामले में पूर्व जनपद सदस्य हंसराज मंडलोई ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी जनप्रतिनिधि पार्टी लाइन से ऊपर उठकर लोकतंत्र और जनहित के लिए एकजुट हों.

Next Post

नेमीनगर में मुनि विकोशल सागर महाराज के सान्निध्य में चातुर्मास आराधना

Fri Jul 25 , 2025
भोपाल। नेमीनगर जैन मंदिर में मुनि विकोशल सागर महाराज के चातुर्मास में नेमीनाथ भगवान की आराधना और नमोस्तु स्वर गूंज रहे हैं। मुनिश्री ने चिंता को चिता समान बताकर सकारात्मक चिंतन का संदेश दिया। आहार दान, जप-तप, कलश स्थापना सहित कई धार्मिक अनुष्ठान हुए। विभिन्न समितियों व मंडलों के सदस्यों […]

You May Like