न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को जीत के लिए दिया 191 रनों का लक्ष्य

हरारे 24 जुलाई (वार्ता) टिम सीफर्ट (75) और रचिन रविंद्र (63) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने गुरुवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के छठे मुकाबले में जिम्बाब्वे को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया।

आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में टिम रॉबिंसन (10) का विकेट गंवा दिया। उन्हें रिचर्ड एन्गरावा ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये रचिन रविंद्र ने टिम सीफर्ट के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई।

टी मपोसा ने 14वें ओवर में रचिन रविंद्र को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रचिन रविंद्र ने 39 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए (63) रन बनाये। इसी ओवर में मपोसा ने मार्क चैपमैन (शून्य) को भी आउटकर पवेलियन भेज दिया। न्यूजीलैंड का चौथा विकेट टिम सीफर्ट के रूप में 153 के स्कोर पर गिरा। टिम सीफर्ट ने 45 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए (75) रनों की पारी खेली। उन्हें रिचर्ड एन्गरावा ने आउट किया।

बेवन जैकब्स (शून्य) और कप्तान मिचेल सैंटनर (सात) को रिचर्ड एन्गरावा ने अपना शिकार बनाया। न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड एन्गरावा ने 34 रन देकर चार विकेट लिये। टी मपोसा को दो विकेट मिले।

 

Next Post

नवभारत की खबर का असर: प्रभारी मंत्री ने सड़क की जांच के दिए निर्देश

Thu Jul 24 , 2025
सीधी।करोड़ों की लागत से बनी खाम्ह-गिजवार सड़क में दरार की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद नवभारत की रिपोर्ट का असर दिखाई दिया है। सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान इस सड़क की गुणवत्ता की जांच के निर्देश अधिकारियों […]

You May Like