
इंदौर. चंदननगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. वारदात मारुति पैलेस कॉलोनी में हुई, जहां आपसी रंजिश को लेकर दो आरोपियों ने किशोर को सुलह के बहाने बुलाकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों में एक बालअपचारी सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
मृतक की पहचान 17 वर्षीय गणेश पिता अभय सिंह के रूप में हुई है, जो उसी कॉलोनी में रहता था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि गणेश किसी काम से लौट रहा था तभी रास्ते में किसी विवाद को होता देख वह रुक गया. तभी मौके पर मौजूद दो युवकों ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल गणेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. एडिशनल डीसीपी और चंदननगर थाना पुलिस ने घटना के तुरंत बाद जांच शुरू की. टीआई इंद्रमणि पटेल के अनुसार, हत्या के आरोप में अभिषेक नामक युवक और उसका एक नाबालिग साथी गिरफ्तार किए गए हैं. पूछताछ में सामने आया है कि मृतक गणेश और आरोपियों के बीच पुराना विवाद था. दोनों आरोपियों ने समझौते के बहाने उसे बुलाया और फिर बहस के दौरान चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली. घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में प्रयुक्त चाकू कहां से आया और आरोपियों की योजना पहले से थी या नहीं.
