
छतरपुर। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 2:30 बजे बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा।
संघ की अध्यक्ष स्वाति राय ने मीडिया से बातचीत में कहा
“सरकार हमें जो भी काम देती है, हम उसे पूरी ईमानदारी से करते हैं। लेकिन यदि हमें स्थाई रूप से काम दिया जाए तो काम करने में और भी मज़ा आता है। हमारी बहनें वर्षों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं, लेकिन हमें अब तक स्थाई कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है।”
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि फेस कैप्चरिंग की प्रक्रिया में उन्हें कई तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, वर्षों से सेवाएं दे रहीं कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने नियमितीकरण की भी मांग कर रही हैं।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
