
ग्वालियर। डबरा तहसील परिसर में अवैध गुमटियों को हटाने का नोटिस प्रशासन ने जारी किया है। जांच में लगभग 75 दुकानों को अवैध पाया गया है। यह कार्रवाई एक वकील की शिकायत पर की गई है। इसमें बताया गया कि तहसील परिसर में अवैध गुमटियां चल रही हैं। वकीलों ने अपने चेंबर निजी लोगों को दे दिए हैं। इससे आने-जाने में परेशानी होती है। शिकायत के बाद एसडीएम दिव्यांशु चौधरी ने बिजली विभाग, राजस्व और नगर पालिका के अधिकारियों की एक जांच टीम बनाई। 17 जुलाई को जांच टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान कोई भी ठेला-गुमटी संचालक अनुमति दस्तावेज नहीं दिखा पाया। प्रशासन ने उन्हें समय दिया है कि वे दस्तावेज दिखाएं या फिर स्वयं गुमटियां हटा लें। इस मामले में वकीलों ने बार काउंसिल और न्यायाधीशों को जानकारी दी। अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम भार्गव ने तहसील परिसर का निरीक्षण किया। तहसीलदार दिव्य दर्शन शर्मा और राजस्व अमला भी मौजूद थे। यह स्थान पहले न्यायालय का था, इसलिए वकील यहां बैठते हैं। पहली बार इस तरह के नोटिस जारी किए गए हैं, जिसके चलते तहसील परिसर में अफरा तफरी का माहौल है। तहसील परिसर से ऑनलाइन आवेदन, रजिस्ट्रियों का काम और वकीलों के काम संचालित होते हैं।
